देहरादून: उत्तराखंड में आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सरकार ने जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी है। इस घटना का सीधा असर राज्य की अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी पड़ा है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 5 अक्टूबर को प्रस्तावित सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय परीक्षार्थियों के अनुरोध और जांच की गंभीरता को देखते हुए लिया गया। फिलहाल, इस परीक्षा की नई तिथि की घोषणा नहीं की गई है। आयोग ने कहा है कि नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

वहीं, 12 अक्टूबर को प्रस्तावित सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 और प्राविधिक सहायक वर्ग-1 की परीक्षा पर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि आयोग की ओर से इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हालात को देखते हुए माना जा रहा है कि इस पर भी जल्द बड़ा निर्णय हो सकता है।
पेपर लीक प्रकरण ने एक बार फिर राज्य की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों में अनिश्चितता और निराशा का माहौल है।
