फरहान अख्तर की वॉर ड्रामा ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है. यह ट्रेलर रूह कंपा देने वाली है.
मुंबई: फरहान अख्तर और राशि खन्ना की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा फिल्म ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। 1962 के भारत-चीन युद्ध में लड़ी गई ऐतिहासिक रेजांग ला लड़ाई पर आधारित यह फिल्म देश के 120 वीर सैनिकों की अमर गाथा को श्रद्धांजलि देती है। ट्रेलर रिलीज के साथ ही यह फिल्म सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई है।
ट्रेलर की शुरुआत बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज से होती है, जो भारत और चीन के रिश्तों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बयान करते हैं। इसके बाद 1962 के उस भीषण युद्ध की झलक दिखाई जाती है, जब केवल 120 भारतीय जवानों ने 3000 चीनी सैनिकों से टक्कर ली थी।
फरहान अख्तर फिल्म में मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभा रहे हैं — वही योद्धा जिन्होंने अपने साहस और नेतृत्व से पूरी दुनिया को भारतीय सेना के पराक्रम का परिचय कराया। ट्रेलर में फरहान अपने जवानों को जोश से भरते नजर आते हैं, वहीं राशि खन्ना एक राजस्थानी महिला के रूप में शैतान सिंह की प्रेमिका का किरदार निभा रही हैं। उनका संवाद, “सिर ऊंचा करके सबको कहेंगे, हम एक सच्चे देशभक्त की बीवी हैं”, दर्शकों के दिल को छू जाता है।

ट्रेलर के आगे बढ़ने के साथ युद्ध के दृश्यों में सैनिकों की वीरता, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को बड़े प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। लद्दाख की बर्फीली घाटियों में फिल्माए गए युद्ध दृश्य रूह कंपा देने वाले हैं।
‘120 बहादुर’ को रजनीश ‘राजी’ घई ने निर्देशित किया है, जबकि फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
