Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

विश्व विजेता भारतीय महिला टीम से मिलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बोलीं- आप नई पीढ़ी की प्रेरणा हैं

नई दिल्ली: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आज राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

भारतीय टीम को राष्ट्रपति की बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम की हर सदस्य को हार्दिक बधाई देते हुए कहा,

आप सभी ने क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। देश और विदेश में लाखों भारतीय इस जीत का जश्न मना रहे हैं। यह टीम भारत का प्रतिबिंब है — अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आईं खिलाड़ी जब एकजुट होकर खेलती हैं, तो भारत अपने सबसे अच्छे रूप में नजर आता है।

ऑस्ट्रेलिया को हराकर रचा इतिहास

फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में भारत ने सात बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को चार विकेट से हराया, जो अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही थी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, फाइनल जीतना टीम इंडिया की बेहतरीन परफॉर्मेंस का एक यादगार उदाहरण है। आपने कठिन परिस्थितियों में भी अपना आत्मविश्वास बनाए रखा और पूरी दुनिया को दिखा दिया कि भारतीय महिला क्रिकेट अब किसी से पीछे नहीं है।

हर खिलाड़ी देश की बेटियों के लिए रोल मॉडल बनी

राष्ट्रपति ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि वर्ल्ड कप जीतने वाली यह टीम अब पूरे देश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, आप सभी अब रोल मॉडल हैं। आने वाली पीढ़ी, खासकर लड़कियां, जीवन में आगे बढ़ने के लिए आपसे प्रेरणा लेंगी।

दीप्ति शर्मा ने जताया आभार

टूर्नामेंट की बेस्ट प्लेयर रहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने राष्ट्रपति का धन्यवाद करते हुए कहा,

हमने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी, बीच में कुछ मैच हार गए, लेकिन हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता रही। डब्ल्यूपीएल ने हमें बहुत कुछ सिखाया है और महिला क्रिकेट को एक नया स्तर दिया है। हम देश का नाम आगे भी रोशन करते रहेंगे।

कप्तान हरमनप्रीत कौर बोलीं – ‘हमने तय किया था कि ट्रॉफी देश से बाहर नहीं जाएगी’

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा,

जब हमें पता चला कि यह टूर्नामेंट भारत में हो रहा है, तभी हमने ठान लिया था कि यह ट्रॉफी भारत में ही रहेगी। हमें इस जीत पर गर्व है और यह पल आपके साथ साझा करना हमारे लिए सम्मान की बात है।

जेमिमा रोड्रिग्स ने दी पूर्व खिलाड़ियों को श्रेय

टीम की स्टार बल्लेबाज़ जेमिमा रोड्रिग्स ने भावुक होकर कहा,

आज हम जिस मुकाम पर हैं, वह उन खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है जिन्होंने बिना पैसे, बिना पहचान और बिना सपोर्ट के खेल को जिया। उन्होंने जो बीज बोए थे, आज हम उसी की फसल काट रहे हैं। यह वर्ल्ड कप जितना हमारा है, उतना ही उनका भी है। हम वादा करते हैं कि उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगे और महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

 

Leave a Comment