Udayprabhat
uttrakhandखेलदेश

उत्तराखंड के दो युवा खिलाड़ियों का भारत की अंडर-19 टीम में चयन, राज्य में खुशी की लहर

देहरादून: उत्तराखंड क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। राज्य के दो प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी लक्ष्य रायचंदानी और आदित्य रावत का चयन बीसीसीआई आईडीएफसी फर्स्ट बैंक अंडर-19 त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए यू-19 टीम में हुआ है। इस खबर से उत्तराखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडिया ए यू-19 और इंडिया बी यू-19 टीमों की घोषणा कर दी है। इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत के साथ अफगानिस्तान यू-19 टीम भी हिस्सा लेगी। टूर्नामेंट का आयोजन 17 नवंबर से 30 नवंबर तक बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में किया जाएगा। यह युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच साबित होगा।

उत्तराखंड के खिलाड़ियों का यह चयन राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लक्ष्य रायचंदानी और आदित्य रावत के इस स्तर पर चयन से उत्तराखंड के उभरते खिलाड़ियों के लिए नए द्वार खुलेंगे। अगर दोनों खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनके लिए रणजी ट्रॉफी और आगे चलकर भारतीय टीम में जगह बनाने के अवसर और बढ़ जाएंगे।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा,
“लक्ष्य रायचंदानी और आदित्य रावत के चयन से पूरा उत्तराखंड गर्वित है। यह राज्य के उज्जवल क्रिकेट भविष्य का संकेत है। हमें उम्मीद है कि ये दोनों खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे।”

सीएयू के सचिव किरण वर्मा ने कहा,

“यह उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण है। दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। बीसीसीआई द्वारा मिले इस अवसर का वे निश्चित ही पूरा लाभ उठाएंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। सीएयू और पूरे राज्य की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।”

विराट, रोहित, ऋषभ और गिल ने अंडर 19 से कमाया था नाम: यह सीरीज न केवल युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि आने वाले यू-19 विश्व कप के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी. क्रिकेट प्रेमी इस टूर्नामेंट पर नजरें गड़ाए हुए हैं, जहां नई पीढ़ी के सितारे उभरने की उम्मीद है. गौरतलब है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद कैफ, युवराज सिंह, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत और हरभजन सिंह जैसे सितारे अंडर 19 क्रिकेट में चमकने के बाद भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल हुए थे.

Leave a Comment