Udayprabhat
uttrakhand

Uttarakhand: जिले में ग्राम पंचायत सदस्य के 804 पदों पर होगा उप निर्वाचन

13-14 नवंबर को नामांकन और 20 को मतदान व 22 को होगी मतगणना

देहरादून: राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड ने त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उप चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। समस्त ग्राम पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के सभी रिक्त पदों पर 13-22 नवंबर तक उप निर्वाचन संपन्न कराए जाएंगे।

जिला देहरादून के अंतर्गत ग्राम पंचायत सदस्य के 804 पद रिक्त है। जिन पर उप निर्वाचन होना है। विकासखंड चकराता में 266, कालसी में 234, विकासनगर में 74, सहसपुर में 53, रायपुर में 135 और डोईवाला में 42 पद रिक्त है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचास्थनि) जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत के रिक्त पदों पर उप चुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। उन्होंने सभी निर्वाचन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित समय सारणी के अनुसार उप निर्वाचन की समस्त व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जनपद में 13 व 14 नवम्बर को नाम निर्देशन पत्र जमा करने की तिथि तय की गई है। जबकि 15 नवम्बर को नाम निर्देशन पत्रों की जांच, 16 नवम्बर को सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी और अपराह्न तीन बजे बाद प्रतीक चिन्ह आवंटन किया जाएगा। सभी रिक्त पदों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। 22 नवंबर को मतगणना का कार्य संपन्न कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सदस्य ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री, नामांकन, जांच, प्रतीक चिन्ह आवंटन, नाम वापसी एवं मतगणना का कार्य संबंधित विकासखंड मुख्यालय तथा जिला पंचायत सदस्यों के लिए बिक्री, नामांकन, जांच, प्रतीक चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया जिला पंचायत मुख्यालय पर होगी। मतगणना का कार्य संबंधित क्षेत्र पंचायतों के मुख्यालय पर किया जाएगा और निर्वाचन परिणाम जिला पंचायत मुख्यालय पर घोषित किया जाएगा।

डोईवाला ब्लॉक में 42 सीटों पर होगा उपचुनाव

डोईवाला। खंड विकास डोईवाला क्षेत्र में रिक्त चल रही 42 सदस्य सीटों पर उपचुनाव होगा। चुनाव अधिकारी परशुराम सकलानी ने बताया कि उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है, इच्छुक उम्मीदवार खंड विकास कार्यालय से आकर अपने नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते है। निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक 13 और 14 नवंबर को नामांकन दाखिल होंगे, 15 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 16 नवंबर को नाम वापसी एवं प्रतीक चिन्हों का आवंटन होगा। कहा कि 20 नवंबर की सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी, जो निर्धारित समय तक चलेगी। मतदान के उपरांत 22 नवंबर को मतगणना होगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही है। साथ ही सभी प्रत्याशियों और मतदाताओं से आचार संहिता का पालन करने की अपील की गई है।

 

Leave a Comment