Udayprabhat
uttrakhand

पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, जौलजीबी मेला का किया शुभारंभ

जौलजीबी मेले की शुरुआत के बाद सीएम धामी पहली बार पहुंचे अपने गांव, सोशल मीडिया पर साझा की भावनाएं

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। काली और गौरी नदियों के संगम पर लगने वाला यह मेला भारत–नेपाल की सांझा संस्कृति का प्रतीक माना जाता है और कुमाऊं के सबसे बड़े व्यापारिक मेलों में शामिल है। इस मौके पर डीडीहाट के विधायक फकीर राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मेले का उद्घाटन करने के बाद, सीएम धामी पहली बार अपने पैतृक गांव टुंडी–बारमौं पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री मां का हाथ पकड़े गांव की पगडंडी पर चलते नजर आए। उन्होंने गांव के लोगों से मुलाकात की और अपने बचपन की यादें ताज़ा कीं।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर इस यात्रा को बेहद भावुक बताते हुए लिखा –

आज सुबह मां के साथ अपने पैतृक क्षेत्र कनालीछीना के टुंडी–बारमौं पहुंचना मेरे लिए बेहद भावुक क्षण था यह वही धरा है जहां मैंने बचपन बिताया, पहली बार विद्यालय की राह पकड़ी और जहां गांव के स्नेह, संस्कृति और परम्पराओं की समृद्ध छाया ने मेरे व्यक्तित्व को आकार दिया. गांव पहुंचते ही बुजुर्गों का स्नेह आशीर्वाद और मातृशक्ति का अथाह प्रेम मन को भावनाओं से भर गया. कई बुजुर्ग आज भी मुझे बचपन के नाम से पुकारते हैं. यह अपनत्व शब्दों में समाना मुश्किल है. नौनिहालों और युवाओं की मुस्कुराहटों में वह सारी स्मृतियां फिर जीवंत हो उठीं, जिन्होंने मुझे मूल्य सिखाए और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

पैतृक गांव में सीएम धामी ने ब्रह्मचारी मंदिर में पूजा-अर्चना की. सीएम धामी ने इसी गांव के प्राथमिक स्कूल से तीसरी तक की पढ़ाई की है. बाद में उनका परिवार यहां से खटीमा चला गया. इस मेले में भारत और नेपाल के व्यापारी पारंपरिक कपड़े, ऊनी सामान, जड़ी-बूटियां और हस्तशिल्प बेचते हैं.

गांव की यात्रा के बारे में सीएम धामी ने लिखा-
हर चेहरा अपना लगा हर आंगन स्मृतियों से भरा और हर कदम बचपन की गलियों से होकर गुजरता हुआ महसूस हुआ. टुंडी–बारमौं मेरे लिए सिर्फ एक गांव नहीं बल्कि मेरी जड़ें, संस्कार और मेरी पहचान है।आप सभी का स्नेह मेरे लिए शक्ति, प्रेरणा और जिम्मेदारी है. आज का दिन हमेशा हृदय में अंकित रहेगा. आपका प्रेम और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है, जो हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करता रहेगा.
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Leave a Comment