साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान अभी होना बाकी है, लेकिन उससे पहले इंडिया-ए ने दमदार प्रदर्शन किया है। 30 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले ऋतुराज गायकवाड़ शानदार फॉर्म में नजर आए।
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में 13 नवंबर (गुरुवार) को इंडिया-ए और साउथ अफ्रीका-ए के बीच तीन मैचों की अनऑफिशियल वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया, जिसमें इंडिया-ए ने 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम ने 286 रनों के लक्ष्य को 49.3 ओवर्स में हासिल किया। दूसरा मैच 16 नवंबर (रविवार) को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
इंडिया-ए की जीत के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़, जिन्होंने 129 गेंदों में 117 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल थे। यह उनके लिस्ट-ए करियर का 17वां शतक है।
नीतीश रेड्डी ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 26 गेंदों पर 37 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कप्तान तिलक वर्मा ने भी 39 रनों का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका-ए की ओर से ब्योर्न फोर्टुइन, ओटनील बार्टमैन और तियान वैन वुरेन ने दो-दो विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका-ए ने 50 ओवर्स में 9 विकेट पर 285 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और 53 के स्कोर पर उनके 5 विकेट गिर गए। लेकिन डियान फॉरेस्टर (77), डेलानो पोटगिएटर (90) और ब्योर्न फोर्टुइन (58) की शानदार पारियों से टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई।
पोटगिएटर और फॉरेस्टर के बीच छठे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई।
इंडिया-ए की ओर से हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
