Udayprabhat
accidentuttrakhand

उधम सिंह नगर में कार-ट्रैक्टर ट्राली की भीषण भिड़ंत, नेपाली महिला की मौत, चार घायल

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में शनिवार 15 नवंबर की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नेपाली महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

घटना सुबह लगभग 5 बजकर 15 मिनट पर सिरौली इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से नेपाल जा रही कार अचानक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर साइड की बॉडी चकनाचूर हो गई।

कार में कुल पाँच लोग सवार थे—एक ड्राइवर और चार यात्री। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलभट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पहले किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से तीन लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घायल गणेश भूल ने बताया कि वह कार में पीछे की सीट पर सो रहा था। उसे सबसे कम चोट आई। टक्कर के बाद जब उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि ड्राइवर और अन्य यात्री कार में फंसे हुए थे। उसने हिम्मत दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला। वहीं एक महिला कार से उछलकर सड़क पर जा गिरी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत महिला नेपाल की रहने वाली थी।

घायलों की पहचान— करन सिंह (कार चालक), प्रीति भट्टराय, सुभाष भट्टाराय, गणेश भूल

सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और चार लोग घायल हुए हैं। तीन घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment