Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में कर्मचारियों का DA 3% बढ़ा, हजारों कर्मियों को मिली राहत

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) में 3 प्रतिशत की वृद्धि मंजूर कर दी है। बढ़ोतरी लागू होने के बाद कर्मचारियों का DA अब 55% से बढ़कर 58% हो गया है। यह नई दर 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी और इसका लाभ बड़े पैमाने पर सरकारी तंत्र में काम कर रहे कार्मिकों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में लिए गए इस निर्णय से सातवें वेतनमान के अंतर्गत वेतन पाने वाले सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्तशासी संस्थाओं और विभिन्न निकायों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा। आदेश औद्योगिक विकास अनुभाग-2 द्वारा जारी किया गया है, जिसके अनुसार DA संशोधन केंद्र सरकार की दरों के अनुरूप किया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह राहत उन्हीं निकायों और उपक्रमों पर लागू होगी जिनकी वित्तीय क्षमता अतिरिक्त व्यय वहन करने में सक्षम है। संबंधित संस्थाओं को अपनी आर्थिक स्थिति की समीक्षा करने के बाद आदेश लागू करना होगा।

बढ़ती महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी कर्मचारियों की मासिक आय में एक ठोस इजाफा करेगी और आर्थिक दबाव को कम करेगी। निर्णय के बाद कर्मचारी संगठनों ने सरकार के प्रति आभार जताया है।
राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश रानकोटी ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारी हित को प्राथमिकता दे रही है। वहीं प्रदेश महामंत्री नंदलाल जोशी ने बताया कि यह बढ़ोतरी लंबे समय से रखी जा रही मांग का समाधान है और इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।

Leave a Comment