रामनगर: नेशनल हाईवे 309 पर पिरूमदारा के पास शनिवार की तड़के एक भीषण सड़क हादसे में वन विभाग के कर्मचारी मनीष बिष्ट (35) की मौत हो गई, जबकि अर्टिगा कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा सुबह लगभग 3 बजे हुआ, जब वन विभाग का बोलेरो वाहन (UK04 GD 0165) और अर्टिगा कार (UK19 TA 1342) आमने-सामने टकरा गए।
तस्करों की सूचना मिलने पर ड्यूटी पर निकले थे मनीष
मनीष बिष्ट, निवासी चिलकिया (रामनगर), तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्राइवर पद पर तैनात थे। तड़के अवैध कटान और तस्करी की सूचना मिलने पर वे रामनगर से हल्दुआ चौकी की ओर अन्य वनकर्मियों को लेने जा रहे थे। पिरूमदारा के पास अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार रॉन्ग साइड में घुस गई और उनकी बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 3 लोग घायल: हादसे में अर्टिगा कार में सवार तीन लोग सुशीला देवी (60 वर्ष), पत्नी राधे राम, निवासी पौड़ी गढ़वाल, आनंद बल्लभ जोशी, निवासी इंद्रपुरम, गाज़ियाबाद और धर्मेंद्र सिंह, पुत्र गोपाल सिंह, निवासी थलीसैण, पौड़ी गढ़वाल घायल हो गए. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया. डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए सुशीला देवी और आनंद बल्लभ जोशी को हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं धर्मेंद्र सिंह को हल्की चोटें आई थीं, उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद स्वयं बाहर उपचार के लिए जाने का निर्णय लिया, हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी थी.
वनकर्मी मनीष की मौत से वन विभाग में शोक की लहर है. उनके घर में भी कोहराम मचा हुआ है. मनीष अपने पीछे एक पुत्र और परिवार को छोड़ गए हैं.

घटनास्थल पर पहुंचे रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया कि-
तड़के तस्करों की हरकतों को देखते हुए मनीष अन्य वनकर्मियों को लेने के लिए जा रहे थे. तभी सामने से अर्टिगा कार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ गई और टक्कर हो गई. मनीष विभाग के समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों में से एक थे.
-पूरन सिंह खनायत, वन रेंज अधिकारी-
संयुक्त चिकित्सालय के CMS डॉ. विनोद कुमार टम्टा ने भी पुष्टि की कि-
कुल चार लोग अस्पताल लाए गए थे. उनमें से एक को मृत घोषित किया गया. दो घायलों को हायर सेंटर भेजा गया. एक घायल प्राथमिक उपचार के बाद बाहर चला गया.
-डॉ. विनोद कुमार टम्टा, CMS, संयुक्त चिकित्सालय-
