देहरादून। बॉलीवुड के हीमैन से पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की उत्तराखंड से कई यादें जुड़ी हुई है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल समेत उत्तराखंड की वादियों में धर्मेंद्र ने कई फिल्मों की शूटिंग करने आए, जो सुपर हिट रही। अभिनता धर्मेंद्र का उत्तराखंड से काफी लगाव रहा। उनके फिल्मों के डॉयलोग लोगों की जुबान पर रहते हैं।
सबके दिलों में राज करने वाले 89 वर्षीय धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। उनके निधन से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। उन्होंने शोले, हकीकत, ललकार, आँखें, गंगा की लहरें, आए दिन बहार के, आया सावन झूम के, मेरा गांव मेरा देश, सीता और गीता, यादों की बारात, प्रतिज्ञा, ड्रीम गर्ल, धर्मवीर, द बर्निंग ट्रेन, हुकूमत, फरिश्ते समेत असंख्य फिल्मों में अपने खास अंदाज से दर्शकों के दिलों में राज किया। धर्मेंद्र की कई हिट फिल्में उत्तराखंड की सुरम्य वादियों में शूट की गयी। निर्माता-निदेशक देवी शर्मा की 1964 में रिलीज धर्मेद्र, किशोर कुमार अभिनीत ‘गंगा की लहरें’ की शूटिंग हरिद्वार व ऋषिकेश में हुई थी। 1969 में रिलीज बीआर चोपड़ा निर्मित व यश चोपड़ा निर्देशित और धर्मेंद्र, सायरा बानो, फिरोज खान, मुमताज व जोनी वॉकर अभिनीत ‘आदमी और इंसान’ फिल्म की शूटिंग के लिए धर्मेंद्र उत्तराखंड आए थे। यहां डाकपत्थर और नैनीताल के आसपास फिल्म के कुछ दृश्य फिल्माए गए।
1987 में आई निर्माता केसी शर्मा और निर्देशक अनिल शर्मा की फिल्म ‘हुकूमत’ की शूटिंग नैनीताल में हुई। 1984 में नैनीताल समेत नैनी झील के किनारे, मल्लीताल फील्ड, माल रोड, भीमताल, रानीखेत व अन्य स्थलों में महीने भर फिल्म हुकूमत की शूटिंग हुई थी। कई दिनों तक चली इस फिल्म की शूटिंग के दौरान नैनीताल नगर व आसपास के क्षेत्रों में धर्मेद्र पर गीत व कई अन्य दृश्य फिल्माए गए। निर्माता सती शौरी और निर्देशक अनिल शर्मा की 1991 में रिलीज फिल्म की शूटिंग भी देहरादून में हुई। फिल्म की शूटिंग कई दिन तक एफआरआई और शहर के बाहरी क्षेत्रों में हुई। इस दौरान एफआरआई में शूटिंग देखने वालों की भीड़ लग गयी थी। अभिनेता धर्मेद्र भले ही इस संसार को छोड़कर चले गए है, लेकिन उनके अभिनय और उनके डॉयलॉग हर किसी की जुबां पर रहेंगे।
