बच्चों से उनका बचपन, शिक्षा छिनने वालों को बख्शा नही जाएगा
बालश्रम पर कार्रवाई, 7 बचाए, 7 मुकदमेबाज
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपद में बालश्रम उन्मूलन के लिए एक व्यापक अभियान चलाया गया। श्रम विभाग, पुलिस, डीटीएफ, बाल विकास विभाग तथा बचपन बचाओ आंदोलन की संयुक्त टीमों ने सुबह से विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर 23 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
अभियान के दौरान 7 बालश्रमिकों को रेस्क्यू किया गया। थाना विकासनगर क्षेत्र में दो, सहसपुर में दो और पटेलनगर में तीन नाबालिग बच्चे होटल, वर्कशॉप और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करते पाए गए। सभी रेस्क्यू किए गए बच्चों का मेडिकल परीक्षण कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रशासन ने 7 प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि, “बच्चों से उनका बचपन और शिक्षा छीनने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों के हाथों में कटोरा या औजार नहीं, केवल कलम होनी चाहिए। बालश्रम के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।”
अभियान के दौरान टीमों ने श्रम कानूनों, बाल अधिकारों और बालश्रम निषेध अधिनियम के बारे में जागरूकता भी बढ़ाई। जिला प्रशासन ने जनता से अपील की कि किसी भी स्थान पर बालश्रम की जानकारी मिलते ही तुरंत रिपोर्ट करें।
