देहरादून: पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में हुई केबल चोरी की वारदात का सफल अनावरण कर लिया है। 23 नवंबर को वादी नरेश सिंह, निवासी ऋषिनगर रायपुर, ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी कि उनकी कंपनी के टावर, देहराखास से अज्ञात आरोपी द्वारा कापर धातु की केबल तार काटकर चोरी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र की सक्रियता के परिणामस्वरूप 26 नवंबर को नया आढ़त बाजार जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से आरोपी साहिल (22 वर्ष), पुत्र यासीन, निवासी ब्रह्मपुरी चौक, को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए चार बंडल कापर केबल बरामद हुए।
पूछताछ में साहिल ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपने नशे की पूर्ति के लिए उसने यह चोरी की थी। वह चोरी किए गए तार स्थानीय कबाड़ी को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
