देहरादून: पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात नशा तस्कर जकरूद्दीन (45) को बरेली के झुमका चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करीब डेढ़ साल से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता हुआ फरार चल रहा था।
यह कार्रवाई तब तेज हुई जब 18 मई 2024 को डोईवाला क्षेत्र से ताहिरा खातून नाम की महिला तस्कर 259 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ी गई। पूछताछ में ताहिरा ने स्मैक जकरूद्दीन से खरीदने की बात स्वीकार की थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी ने कई राज्यों में स्मैक सप्लाई करने की बात भी कबूली है। पुलिस अब उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।
