Udayprabhat
uttrakhand

“सिल्क्यारा विजय अभियान” आपदा प्रबंधन में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव

देहरादून में आयोजित विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन–2025 में भूपेंद्र यादव ने प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की प्रगति को नई दिशा प्रदान की : भूपेंद्र यादव

देहरादून। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) द्वारा आयोजित विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन–2025 में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “सिल्क्यारा विजय अभियान” ने यह सिद्ध किया कि कठिन परिस्थितियों में मजबूत इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और वैज्ञानिक दक्षता असंभव को संभव बना सकती है।

यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य में आपदा प्रबंधन और सतत विकास को नई दिशा देने की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालय भारत का गौरव है और इसकी नदियाँ भारतीय सभ्यता की आधारशिला हैं। आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से हिमालय को वैश्विक स्तर पर निरंतर केंद्र में रखना आवश्यक है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत ने कोलिजन फॉर डिजास्टर रेसिलेन्स इंफ्रास्ट्रक्चर (CDRI) जैसी वैश्विक संस्था की स्थापना की है, जो आपदा न्यूनीकरण में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने 10 सूत्रीय प्रधानमंत्री कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा मिलने का हवाला दिया और आधुनिक तकनीक, अनुसंधान व अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से आपदाओं से निपटने के महत्व पर जोर दिया। यादव ने कहा कि सम्मेलन से निकलने वाले विचार, शोध और सुझाव भारत सहित विश्वभर में बहु-आपदा केंद्रित रणनीतियों के विकास में मार्गदर्शक होंगे। उन्होंने आयोजकों और प्रतिभागियों को सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।

Leave a Comment