देहरादून: चैबर निर्माण सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलित अधिवक्ताओं की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। इस व्यापक हड़ताल के चलते कोर्ट और न्यायालयों से संबंधित कोई भी कार्य नहीं हो पाएगा। इसके अतिरिक्त, रजिस्ट्री से संबंधित काम भी पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
अधिवक्ताओं के समर्थन में बस्ते वाले, टाइपिंग ऑपरेटर और स्टाम्प वेंडर भी अपना कार्य बंद रखेंगे, जिससे आम जनता के लिए नोटरी, एग्रीमेंट सहित अन्य दस्तावेजी कार्य भी बुरी तरह प्रभावित होंगे। दून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल और सचिव राजबीर सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं के चैबर निर्माण से संबंधित नीतियों में सरकार द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इसी कारण, अधिवक्ताओं का रोष सोमवार को भी जारी रहा। हर रोज की तरह अधिवक्ता हरिद्वार रोड पर एकत्र होंगे उत्तराखंड सरकार के समक्ष सांकेतिक रूप से रोष प्रकट करेंगे। इस दौरान अधिवक्ता न्यायालयों और कार्यालयों से पूर्ण रूप से विरत रहेंगे। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी चैबर निर्माण की मांग पर उचित नीतिगत सहयोग नहीं मिलता, तब तक उत्तराखंड सरकार के खिलाफ उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, जिससे न्यायिक और प्रशासनिक कार्य बुरी तरह बाधित रहेंगे।
