पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में आधुनिक डाक सेवाओं के नए युग की शुरुआत हो गई है। पौड़ी गढ़वाल जिले के घुड़दौड़ी स्थित गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में प्रदेश के पहले Gen-Z पोस्ट ऑफिस का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने किया।
यह नया पोस्ट ऑफिस तकनीक, नवाचार और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। कुजूर ने कहा कि भारतीय डाक सेवा जहाँ एक ओर देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय संस्था है, वहीं Gen-Z पोस्ट ऑफिस इसे भविष्य के अनुरूप ढालने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि यह पोस्ट ऑफिस न सिर्फ सेवाएँ प्रदान करेगा, बल्कि एक इंटरएक्टिव प्लेटफॉर्म की तरह काम करेगा, जहाँ युवा डिजिटल कम्युनिकेशन, वित्तीय समावेशन और नई टेक्नोलॉजी का वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कॉलेज के उन विद्यार्थियों का विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने पोस्ट ऑफिस के डिजाइन और डेकोरेशन में योगदान दिया। उन्होंने इसे शैक्षणिक संस्थानों और डाक विभाग के बीच सहयोग का नया अध्याय कहा।
Gen-Z पोस्ट ऑफिस की प्रमुख खासियतें:
माई-स्टाम्प काउंटर
पार्सल बुकिंग और पैकेजिंग सुविधा
PPF, IPPB सहित विभिन्न वित्तीय सेवाएँ
छात्रों के लिए साप्ताहिक व पाक्षिक परामर्श शिविर
कैंपस के अंदर Wi-Fi सुविधा
कॉफी मशीन
आधार सेवा केंद्र

डाक अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि समय के साथ युवा पत्राचार और पारंपरिक सेवाओं से दूर होते गए हैं। इसलिए Gen-Z पोस्ट ऑफिस की अवधारणा युवाओं को डाक सेवाओं से दोबारा जोड़ने की दिशा में एक आधुनिक पहल है।
डाक विभाग के अनुसार, आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के पास कुल सात Gen-Z पोस्ट ऑफिस स्थापित किए जाएंगे। घुड़दौड़ी में खुला यह डाकघर इस नई श्रृंखला की पहली कड़ी है।
