रानीखेत: भारतीय थल सेना में शामिल हो रहे कुमाऊं व नागा रेजीमेंट के 603 अग्निवीरों के लिये मंगलवार का दिन बेहद खुशी का रहा। इन नव प्रशिशुओं ने देश के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित कुमाऊं रेजीमेंट के शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की याद में बने सोमनाथ मैदान में केआरसी के तत्वावधान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भव्य परेड का प्रदर्शन किया और गर्मजोशी से देश सेवा की शपथ लेने के साथ ही भारतीय थल सेना में शामिल हो गये। समारोह के मुख्य अतिथि केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर एसके यादव वीएसएम की उपस्थिति में धमर्गुरु सुबेदार जगदीश चन्द्र ने राष्ट्र ध्वज व निशान ध्वज की मौजूदगी व पवित्र ग्रंथो को साक्षी रखा इन्हें देश सेवा की शपथ दिलायी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर एसके यादव वीएसएम ने अपने सम्बोधन में कुमाऊं व नागा रेजीमेंट के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला और नव प्रशिक्षु अग्निवीर व उनके अभिभावकों को शुभकामनाएँ दी। उन्होंने हर जवान को सत्य, निष्ठा और कर्मठ से अपने सैनिक जीवन में देश सेवा करने का आह्वान किया और भरोसा जताया की सभी सैनिक अपनी जिम्मेदारी में उत्तीर्ण होंगे। इस अवसर उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर फिजिकल में सौरव शर्मा, टीएसओईटी प्रियांश चौहान, रिटन में लोकेश कुमार, फायरिंग में जीवन सिंह, ड्रील में हिमाशु सिंह राणा को पदक देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर डिप्टी कमांडर कर्नल प्रभु आरडब्लू, प्रशिक्षण बटालियन कमांडर कर्नल मोहित वर्मा, जीएसओ वन लेफ्टिनेल कर्नल बीबी थापा, ट्रेनिग आफिसर कैप्टन रोबिन, ट्रेनिग सुबेदार मेजर मोहन सिंह रावत, ड्रील जेसीओ सूबेदार भगवान सिंह, ट्रेनिग जेसीओ सूबेदार मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में जवानों के परिजन मौजूद थे।
गढ़वाल राइफल्स का हिस्सा बने 456 अग्निवीर
कोटद्वार/लैंसडौन। जय बदरी विशाल की जयघोष के साथ गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के नायक भवानी दत्त जोशी, अशोक चक्र परेड ग्राउंड लैंसडौन में आयोजित पासिंग आउट परेड में 31 सप्ताह के कठिन परिश्रम के बाद अग्निवीर कोर्स-6 द्वितीय बैच के 456 अग्निवीर रिक्रूटों को भारतीय सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
समीक्षा अधिकारी एवं गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र लैंसडौन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने पासिंग आउट परेड की सलामी लेने के बाद परेड का निरीक्षण किया। अग्निवीर रिक्रूटों ने कमांडर अनुराग ध्यानी के नेतृत्व में शानदार परेड का प्रदर्शन किया गया। परेड के सलामी मंच के सामने से गुजरने पर हजारों की संख्या में मौजूद अग्निवीरों के परिजनों ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अग्निवीरों ने धर्मग्रंथ पर हाथ रखकर देश की रक्षा करने का संकल्प लिया और युद्ध स्मारक जाकर वीर सैनिक प्रतिमा के समक्ष शहीद सैनिकों का भावपूर्ण स्मरण किया। अग्निवीर रिक्रूटों ने अपने दाहिने कंधे पर वीरता व शौर्य की लाल डोरी स्कारलेट धारण की। समीक्षा अधिकारी ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने सेना में शामिल अग्निवीर जवानों से देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हुए कर्तव्य का निर्वहन करने का आह्वान किया। कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना सौभाग्य और गर्व की बात है।
