20 साल से कम उम्र में टी-20 में तीन शतक जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
पटना: बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरते हुए शतकीय पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किये। मंगलवार को कोलकाता के इडेन गार्डस में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के खिलाफ 61 गेंदों पर सात चौके और सात छक्के की मदद से नाबाद 108 रन बनाये।
14 साल 250 दिन की उम्र में अब वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं। साथ ही दुनिया में सबसे कम उम्र में तीन टी-20 शतक जमाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। हालांकि उनकी इस पारी के बावजूद बिहार को एलिट ग्रुप बी के मैच में तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी पिछले वर्ष ही 13 साल की उम्र में प्रथम श्रेणी में डेब्यू करते हुए चर्चित हुए थे, तब से लगातार वह अपनी आतिशी पारी से पूरी दुनिया में छाये हुए हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के की मदद से 34 गेंदों पर पहले अर्धशतक पूरा किया, फिर 58 गेंदों पर अर्शिन कुलकणी की गेंद पर चौका लगाते हुए इस फॉर्मेट में अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया।

इससे पहले वह इसी साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए और फिर राइजिंग एशिया कप में भारत ए टीम के लिए शतकीय पारी खेली थी। 2025 में इस तरह वह भारतीय खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा तीन शतक जमाने वाले अभिषेक शर्मा की बराबरी पर आ गये हैं। इसके बाद दो-दो शतक आयुष म्हात्रे और ईशान किशन ने जमाये हैं। मजे की बात है कि 20 साल से कम उम्र में टी-20 में तीन शतक जमाने वाले समस्तीपुर के वैभव दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं। केवल दो बल्लेबाज महाराष्ट्र के आयुष म्हात्रे और फ्रांस के गुस्ताव मैकीओन ने ही इस उम्र सीमा में दो-दो शतक जड़े हैं।

वैभव इस तरह बिहार की ओर से इस प्रतियोगिता में शतक बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हो गये हैं। इससे पहले सकीबुल गनी ने मिजोरम के खिलाफ राजकोट में 2024 में नाबाद 120 रन की पारी खेली थी। महाराष्ट्र के खिलाफ बिहार ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ओवर में तीन विकेट पर 176 रन बनाये थे। महाराष्ट्र ने कप्तान पृथ्वी शॉ के 30 गेंदों पर बनाये 66 रन की बदौलत 19.5 ओवर में सात विकेट पर 182 रन बनाकर दूसरी जीत दर्ज की.
