देहरादून: उत्तराखंड की 40 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने मानदेय बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग के निदेशक बी.एल. राणा के अनुसार, इस मामले पर शासन स्तर पर एक समिति गठित की गई है, जो मानदेय बढ़ोतरी की अंतिम रूपरेखा तय करेगी।
निदेशक राणा ने बताया कि विभाग की ओर से समिति के समक्ष अधिकतम मानदेय वृद्धि की पैरवी की जाएगी, ताकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसका सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही सुपरवाइजर पदों पर पदोन्नति को लेकर भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि खाली पदों पर भर्ती के लिए आवेदन एक सप्ताह के भीतर जारी कर दिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्याण कोष पहले से क्रियाशील है। इसके अंतर्गत सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कम से कम एक लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। सेवा अवधि के आधार पर इस राशि में हर साल 5 प्रतिशत की वृद्धि भी की जाएगी। सरकार की इन तैयारियों ने राज्य भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा दिया है और अब सभी की नजरें समिति द्वारा लिए जाने वाले अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।
