बालिका निकेतन परिसर में खेल मैदान होगा तैयार
भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता आदि व्यवस्थाएं परखी, अधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह व शिशु सदन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले परिसर का भ्रमण किया और यहां पर आवास, सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, साफ, सफाई व शौचालय संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नारी निकेतन में निवासरत महिलाओं, बालिकाओं व अधिकारियों से यहां की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यहां पर निवासरत महिलाओं, बालक व बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण मिल सके, इसके लिए अधिकारी नियमित मानीटरिंग करना सुनिश्चित करें। बढ़ती ठंड को देखते हुए निकेतन की महिलाओं, बालिकाओं और शिशुओं को गर्म कपड़े भी इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रदान की। वर्तमान में निकेतन में 173 बेसहारा, परित्यक्त व शोषित महिलाएं निवासरत हैं। जबकि बालिका निकेतन में 19 और बाल गृह व शिशु सदन में 23 बच्चे रह रहे है। जिलाधिकारी ने कहा कि नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह व शिशु सदन हमारे बहुत महत्वपूर्ण संस्थान है। यहां पर बेसहारा, परित्यक्त, शोषित व महिलाएं व बच्चे रहते है, जिनको मुख्यधारा में लाने के लिए अतिरिक्त देखभाल और सलाह की आवश्यकता रहती है। ये लोग किसी न किसी सदमे से प्रभावित हुए हैं। विशेषज्ञों की मदद से इनको सदमे से बाहर लाते हुए इनके व्यवहार में परिवर्तन कर मुख्यधारा में लाया जा रहा है। नारी निकेतन में इन्फ्रास्ट्रक्चर, सीवर लाइन, डोरमेट्री से लेकर जो भी आवश्यकताएं हैं, उसको जिला प्लान और खनन न्यास से पूरा किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि निकेतन की महिलाओं और बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच से लेकर संतुलित डाइट भी सुनिश्चित की जा रही है। कहा कि बालिका निकेतन में निवासरत बालिकाओं के सर्वागीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिका निकेतन परिसर में एक समुचित खेल मैदान का निर्माण किया जाए।
खेल मैदान का डिजाइन इस तरह से तैयार किया जाए जिसमें खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और योग गतिविधियां हो सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरी, जिला प्रोबेसन अधिकारी मीना बिष्ट, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद, एसीएमओ डा. वंदना सेमवाल, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं आदि भी मौजूद रहे।
