Udayprabhat
Breaking Newsदेश

IMA पीओपी में शामिल होंगे थल सेना प्रमुख, करेंगे परेड, ग्रेजुएशन सेरेमनी संपन्न

अभी आईएमए में ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया. इसके बाद 11 दिसंबर को कमांडेंट परेड आयोजित की जाएगी.

देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड इस बार खास होने वाली है, क्योंकि मुख्य अतिथि के रूप में थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शामिल होंगे। सेना प्रमुख के कार्यालय ने परेड में उनकी उपस्थिति की औपचारिक सहमति दे दी है। उधर, आईएमए प्रशासन ने भी इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

परेड से पहले आयोजित होने वाले सभी पारंपरिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में अकादमी में ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) विंग के 71 कैडेट्स को स्नातक उपाधि प्रदान की गई। इनमें 30 कैडेट विज्ञान शाखा और 41 ह्यूमैनिटीज वर्ग से थे। डिग्री प्राप्त करने के बाद ये सभी कैडेट अब एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा करेंगे।

आईएमए में अगला प्रमुख कार्यक्रम कमांडेंट्स परेड है, जिसका आयोजन 11 दिसंबर को किया जाएगा। इसके बाद 13 दिसंबर को पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन होगा, जो अकादमी का सबसे महत्वपूर्ण समारोह माना जाता है। इसी परेड के बाद नए अधिकारी भारतीय सेना के विभिन्न अंगों में सेवा के लिए औपचारिक रूप से शामिल होते हैं।

इस बार पासिंग आउट परेड की विशेषता यह है कि स्वयं थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी परेड की सलामी लेंगे। वे परेड का निरीक्षण करेंगे और नए कमीशंड अफसरों को प्रेरक संदेश भी देंगे।

भारतीय सैन्य अकादमी, जिसकी स्थापना 1932 में हुई थी, अब तक हजारों उत्कृष्ट सैन्य अधिकारी देश को दे चुकी है। IMA से पास आउट कई अधिकारी भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी सेनाओं में भी नेतृत्व की भूमिकाएं निभा चुके हैं।

Leave a Comment