Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून से पहाड़ी इलाकों के लिए हेली सेवा शुरू, पहाड़ों को मिली तेज यात्रा सुविधा

श्रीनगर: राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम तब उठाया गया जब देहरादून–टिहरी–श्रीनगर–गौचर हेली सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। नई हेली सेवा से न केवल पहाड़ी जिलों के यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन, स्वास्थ्य, व्यापार और आपदा प्रबंधन में भी तेज कार्रवाई संभव हो सकेगी।

6 दिसंबर सुबह करीब 10 बजे देहरादून एयरपोर्ट से हेरिटेज एविएशन द्वारा संचालित पहली हेली ने उड़ान भरी। यह हेली टिहरी झील और श्रीनगर होते हुए गौचर हेलीपैड पर उतरी। उड़ान पूरी तरह सुगम रही और पहली यात्रा में कुल 4 यात्री सवार थे, जिन्होंने इस सेवा को लेकर खुशी व्यक्त की। वापसी में भी हेली गौचर से 4 यात्रियों को लेकर देहरादून लौटी।

हेरिटेज एविएशन के जीएम मनीष भंडारी और असिस्टेंट मैनेजर ऑपरेशन अभिलाष पटवाल ने बताया कि इस रूट पर दिन में दो बार उड़ानें संचालित होंगी पहली सुबह लगभग 10 बजे और दूसरी दोपहर 2:30 बजे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या कम होने या एक भी यात्री न होने पर भी हेली नियमित उड़ान भरेगी, जिससे इस सेवा पर जनता का भरोसा कायम रहेगा।

स्थानीय लोगों ने हेली सेवा का स्वागत किया और कहा कि इससे यात्रा का समय काफी घटेगा, आपात स्थितियों में मरीजों को तुरंत बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना आसान होगा और पर्यटन को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment