देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को लेकर आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों को पुलिस ने सालावाला बैरियर पर रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई। इसी दौरान एक महिला पुलिसकर्मी द्वारा नर्सिंग छात्रा को थप्पड़ मारने की घटना सामने आई, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इस पूरे वाकये का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और गरमा गया है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी नर्सिंग छात्रा सपना चौधरी को प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारा। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों में भारी रोष फैल गया और सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उधर, पुलिस ने धक्का-मुक्की बढ़ने के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

प्रदर्शन नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें दिलाराम चौक से सीएम आवास कूच किया गया। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता भी आंदोलनकारियों के समर्थन में सड़क पर उतरे।
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं, परंतु सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण बेरोजगारों में भारी नाराजगी है। उन्होंने वर्तमान नर्सिंग भर्ती विज्ञप्ति को तुरंत निरस्त करने, भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार लागू करने, 2500 से अधिक पदों की नई विज्ञप्ति जारी करने, मूल निवासियों को प्राथमिकता देने और आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों के लिए विशेष आयु-छूट की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि बीते चार दिनों से लगातार धरना जारी है, लेकिन सरकार द्वारा कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। मंच ने चेतावनी दी है कि मांगें पूर्ण होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
