Udayprabhat
uttrakhand

होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएँ, भत्तों में बढ़ोतरी और अवकाश सहित 7 अहम फैसले

देहरादून: मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ननूरखेड़ा में आयोजित 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भव्य रैतिक परेड का निरीक्षण किया तथा होमगार्ड्स स्मारिका 2025 एवं विभागीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड्स के आश्रितों को चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के कल्याण हेतु कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने अंतर्जनपदीय ड्यूटी पर तैनात होने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों के भोजन भत्ते को ₹100 से बढ़ाकर ₹150 प्रतिदिन किए जाने की घोषणा की। साथ ही नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों को प्रदान किए जाने वाले प्रशिक्षण भत्ते को ₹50 से बढ़ाकर ₹140 प्रतिदिन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने वर्दी भत्ता अनुमन्य करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्थापना दिवस पर निकाली गई परेड में होमगार्ड जवानों के समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा की उत्कृष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान हर परिस्थिति—बरसात, ठंड और गर्मी—में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हैं। वे यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ कुंभ, कांवड़ यात्रा तथा चारधाम जैसे बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान किए गए हैं। महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश देने की व्यवस्था भी लागू की गई है। इसके अतिरिक्त, 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों को ₹200 प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि तथा SDRF के साथ प्रशिक्षित जवानों को ₹100 प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय भी लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार होमगार्ड जवानों के मनोबल और सेवा भावना को उचित सम्मान दे रही है और आगे भी उनके हितों के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Leave a Comment