मैच शाम सात बजे से
गिल और हार्दिक की होगी वापसी
IND vs SA 1st T20I: भारत और दक्षिण अफ्रीका आज रात सीरीज के पहले टी20 में आमने सामने होंगे.
कटक: शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या की वापसी से मजबूती हासिल करने वाली मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम मंगलवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के साथ अगले साल स्वदेश में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली यह श्रृंखला फरवरी में होने वाले विश्व कप के लिए भारत की औपचारिक तैयारी का आगाज है। विश्व कप से पहले भारतीय टीम 10 टी20 मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी पांच मैच की श्रृंखला खेलेगी। विश्व कप में भारत अपना पहला मैच सात फरवरी को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा। भारतीय टीम इन दोनों श्रृंखला में स्पष्ट नजरिये के साथ उतरेगी जिसमें इसका मुख्य लक्ष्य विश्व कप से पहले खिलाड़ियों की भूमिका तय करना और उपयुक्त संयोजन तैयार करना होगा। पिछले वर्ष विश्व कप जीतने के बाद से भारत ने टी20 में दमदार प्रदर्शन किया है। विश्व कप में उसने लगातार आठ मैच जीतकर खिताब जीता था। तब से भारत ने अपनी जीत का आंकड़ा 26 मैच तक पहुंचा दिया है जिसमें एशिया कप में लगातार सात मैच जीतना भी शामिल है। इस बीच भारतीय टीम को केवल चार मैच में हार मिली। इस अवधि में भारतीय टीम ने कोई टी20 श्रृंखला नहीं हारी है और अब उसका लक्ष्य उस टीम के खिलाफ अपनी धार को और अधिक मजबूत करना होगा जिसे उसने टी20 विश्व कप फाइनल में हराया था।
गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में गर्दन में अकड़न के कारण बाहर हो जाने के बाद वापसी कर रहे हैं। पिछले आईपीएल से लगातार क्रिकेट खेलने के कारण और भारत के आगामी व्यस्त सत्र को देखते हुए उनके कार्यभार प्रबंधन पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
लेकिन 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 29.89 की औसत से 837 रन बनाने वाले गिल के लिए यह श्रृंखला आईसीसी प्रतियोगिता से पहले अच्छी तैयारी करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। गिल की वापसी से अभिषेक शर्मा के साथ उनकी मजबूत सलामी जोड़ी बनेगी। अभिषेक ने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 163 रन बनाए थे और वह भारत की तर्फ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद उन्होंने घरेलू स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में पंजाब के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 50.66 की औसत और 249 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए, जिसमें बंगाल के खिलाफ 52 गेंदों में 148 रन की तूफानी पारी भी शामिल है। भारत के लिए हार्दिक पंड्या की वापसी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। एशिया कप के दौरान क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण दो महीने से अधिक समय तक बाहर रहने वाले इस ऑलराउंडर ने शानदार वापसी करते हुए मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की तरफ से एक मैच में 42 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए और फिर चार ओवर में 52 रन देकर एक विकेट लिया। हार्दिक टीम के अन्य खिलाड़ियों से से एक दिन पहले यहां पहुंच गए थे और उन्होंने बाराबती स्टेडियम में अकेले अभ्यास भी किया था।
IND vs SA की संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
साउथ अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीज़ा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जेनसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी.
