Udayprabhat
uttrakhand

पौड़ी में आदमखोर गुलदार पर कसा शिकंजा,14 दिन में मारने का आदेश, 2 और शिकारी तैनात

पौड़ी गढ़वाल में आदमखोर गुलदार को मारने के लिए वन विभाग ने 2 अन्य शूटर तैनात किए.

देहरादून: पौड़ी गढ़वाल में आतंक मचा रहे आदमखोर गुलदार को खत्म करने के लिए वन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। चार दिन पहले गुलदार के हमले में 42 वर्षीय राजेंद्र नौटियाल की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, और लगातार विरोध के बाद अब गुलदार को मारने के आदेश जारी किए गए हैं।

पौड़ी में लगातार वन्यजीवों के हमले ग्रामीणों के लिए मुसीबत बने हुए हैं. स्थिति यह है कि अब आम लोग सड़कों पर उतरकर वन विभाग और सरकार के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए दिखाई दे रहे हैं. शायद कारण ये है कि न केवल वन विभाग वन्यजीवों के हमले को लेकर हर दिन समीक्षा में जुटा हुआ है, बल्कि खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूदा हालातों पर निगरानी रखे हुए हैं.

गुलदार को पकड़ने या ट्रैंक्विलाइज करने के सभी प्रयास नाकाम साबित होने के बाद विभाग ने पहले से तैनात दो शूटरों के साथ अब दो अनुभवी स्थानीय शिकारियों—जॉय ह्युकिल और राकेश चंद्र बड़थ्वाल—को भी तैनात कर दिया है।
PCCF वाइल्डलाइफ ने टीम को 14 दिन की समय सीमा दी है।

इधर, बढ़ते तनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडे सोमवार को पौड़ी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और समस्या के समाधान के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है।

वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, लेकिन अब तक गुलदार का पता नहीं चल पाया है। क्षेत्र में लोगों में खौफ और नाराजगी दोनों चरम पर है.

Leave a Comment