Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने किया ‘उत्तराखंड महक क्रांति नीति’ का शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड महक क्रांति नीति 2026–36 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में किए गए अभूतपूर्व कार्यों के चलते आज उत्तराखंड देश के अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण बनता जा रहा है और आने वाले समय में महक क्रांति के क्षेत्र में भी राज्य राष्ट्रीय स्तर पर आदर्श प्रस्तुत करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति पूरी तरह से अन्नदाता किसानों को समर्पित है। इसके तहत राज्य में 7 एरोमा फसलों को विकसित किया जाएगा, जबकि 5 सैटेलाइट सेंटर्स का भी लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे एरोमा और तिमूर जैसी फसलों को नई दिशा मिलेगी।

सीएम धामी ने कहा कि इस नीति के माध्यम से किसानों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में सहयोग दिया जाएगा, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि देशभर के 11 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है, वहीं सभी प्रमुख फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि कर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्री अन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निवेश पर 80 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महक क्रांति नीति से न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और कृषि आधारित नवाचारों के माध्यम से उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Comment