Udayprabhat
Breaking Newsदुनियादेश

मेसी के कोलकाता इवेंट में मची भगदड़, बेकाबू भीड़ ने फेंकी बोतलें, सीएम ममता ने मांगी माफी…जांच के दिए आदेश

कोलकाता। फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी के सम्मान में कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती (सॉल्ट लेक) स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब अव्यवस्था और नाराज दर्शकों के हंगामे के चलते इवेंट को समय से पहले रोकना पड़ा। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कारणों से मेसी को तुरंत स्टेडियम से बाहर निकालना पड़ा, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कार्यक्रम में शामिल हुए बिना लौट गईं।

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी 13 से 15 दिसंबर तक भारत दौरे पर हैं। 13 दिसंबर की रात कोलकाता पहुंचने के बाद 14 दिसंबर सुबह 10:30 बजे सॉल्ट लेक स्टेडियम में उनका सम्मान समारोह रखा गया था। स्टेडियम में हजारों की संख्या में फैंस मौजूद थे। मेसी ने मैदान में उतरकर फैंस का अभिवादन करते हुए ग्राउंड का एक चक्कर लगाया, लेकिन उनके चारों ओर नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों की भीड़ होने के कारण बड़ी संख्या में दर्शक उन्हें ठीक से देख नहीं पाए।

जैसे ही मेसी मैदान से बाहर जाने लगे, पहले से नाराज फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। दर्शकों ने इवेंट मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और स्टेडियम के अंदर बोतलें फेंकी जाने लगीं। कुछ जगहों पर पोस्टर और होर्डिंग भी तोड़ दिए गए, जिससे माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़ी संख्या में ऐसे दर्शक थे जो घंटों इंतजार के बावजूद मेसी की एक झलक तक नहीं देख पाए। इसी निराशा ने हंगामे का रूप ले लिया। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और मेसी सहित अन्य वीवीआईपी मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फैंस की नाराजगी इस बात को लेकर भी थी कि मेसी केवल करीब 10 मिनट के लिए ही मैदान में रहे। उन्होंने न तो फुटबॉल खेला और न ही कोई किक या पेनल्टी ली। महंगे टिकट खरीदने वाले दर्शकों को उम्मीद थी कि उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ी को खेलते देखने का मौका मिलेगा।

एक नाराज फैन अजय शाह ने पीटीआई से कहा,
“हमने 4,500 से 10,000 रुपये तक के टिकट खरीदे, एक महीने की सैलरी खर्च कर दी, लेकिन मेसी की झलक तक नहीं मिली। मैं अपने बेटे के साथ मेसी को देखने आया था, नेताओं को देखने नहीं। मैनेजमेंट पूरी तरह जिम्मेदार है।”

स्टेडियम के अंदर की अव्यवस्था और हंगामे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिससे भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए यह ऐतिहासिक मौका विवादों में घिर गया।

 

घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से दर्शकों से माफी मांगी। साथ ही उन्होंने मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति असीम कुमार रे की अध्यक्षता में जांच समिति के गठन की घोषणा की।

गौरतलब है कि मेसी अपने भारत दौरे के तहत कोलकाता के बाद हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। कोलकाता के कार्यक्रम के बाद वह हैदराबाद रवाना होंगे, जहां तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ एक फ्रेंडली मैच खेलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

Leave a Comment