Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून में ट्रैफिक सुधार को लेकर सख्त हुए मुख्य सचिव, नई पार्किंग और जंक्शन सुधार के दिए निर्देश

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि देहरादून शहर में बढ़ते यातायात संकुलन को कम करने के लिए निरंतर नए और प्रभावी कदम उठाने होंगे। इस दौरान उन्होंने आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए एमडीडीए को नई जगह तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने को कहा और 20 जनवरी तक इससे संबंधित शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शहर के छह प्रमुख जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने के निर्देश भी दिए।

शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में बनी पार्किंग का पूरा उपयोग न होने पर मुख्य सचिव ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि उपलब्ध पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर निगम द्वारा लागू ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने की बात कही, ताकि लोग सड़कों के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को दिसंबर माह में एसपीवी (SPV) पंजीकृत करने और जनवरी में इसकी पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशारोड़ी में सीज वाहनों के लिए बनाई जा रही पार्किंग को भी शीघ्र शुरू करने को कहा।
इसके अलावा, उन्होंने UMTA द्वारा तैयार मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने और उपयुक्त पाए जाने पर उन्हें विकसित करने के निर्देश दिए। परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी जांच भी जल्द कराने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने शहर में खंभों पर बिना अनुमति लटके अवैध तारों को हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां अंडरग्राउंड बिजली केबल का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों की मरम्मत तत्काल की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।

Leave a Comment