रामनगर: क्रिसमस, 31 दिसंबर और नए साल के जश्न को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पूरे पार्क क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए वन विभाग ने सभी वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
कॉर्बेट पार्क की उत्तर प्रदेश से सटी दक्षिणी सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस क्षेत्र में ई-सर्विलांस सिस्टम, ड्रोन कैमरों और आधुनिक निगरानी उपकरणों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। पार्क प्रशासन के अनुसार नए साल के जश्न के दौरान संवेदनशील इलाकों में शिकारियों और वन्यजीव तस्करों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए रिजर्व क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि फिलहाल किसी भी तरह का ठोस खुफिया इनपुट नहीं मिला है, फिर भी एहतियातन सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दर्जनों गश्ती दल तैनात किए गए हैं।

हाथियों और डॉग स्क्वायड की मदद से जंगलों में लगातार गश्त की जा रही है। जिन रास्तों से अपराधियों और तस्करों के प्रवेश की आशंका रहती है, वहां विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में एंबुश पेट्रोलिंग भी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
इसके साथ ही नए साल पर बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण मिले और वन्यजीवों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि-
25 दिसंबर (क्रिसमस) और 31 दिसंबर केसाथ ही न्यू ईयर के दौरान पर्यटकों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है. इसी दौरान अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की सक्रियता की आशंका भी बढ़ जाती है. इसे देखते हुए पूरे टाइगर रिजर्व में अलर्ट जारी किया गया है. वनकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी और स्टाफ की छुट्टियां केवल विशेष परिस्थितियों में उच्च स्तर की अनुमति के बाद ही दी जाएंगी.
-डॉ साकेत बडोला, निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व-
वन्यजीवों की सुरक्षा से नहीं होगा समझौता: कॉर्बेट प्रशासन का साफ संदेश है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. नए साल के जश्न के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
