Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड के भाजपा विधायक और पत्नी के नाम मनरेगा में दर्ज, खाते में आया मजदूरी का पैसा तो मचा हंगामा

उत्तरकाशी: सीमांत जिले उत्तरकाशी की पुरोला विधानसभा सीट से भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल और उनकी पत्नी के बैंक खातों में मनरेगा की मजदूरी राशि जमा होने का मामला सामने आते ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सत्ताधारी दल के विधायक से जुड़ा मामला होने के कारण विपक्ष ने इसे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मनरेगा के ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार, विधायक दुर्गेश्वर लाल और उनकी पत्नी के नाम पर विभिन्न कार्यों में मजदूरी भुगतान दर्ज है। जानकारी के मुताबिक जून 2022 में विधायक की पत्नी निशा के नाम रेक्चा क्षेत्र में पीसीसी खड़ंजा निर्माण कार्य, जबकि अगस्त-सितंबर और नवंबर 2024 में बाजुडी तोक और समलाडी तोक में पीसीसी निर्माण व वृक्षारोपण कार्य का भुगतान दर्शाया गया है। वहीं वर्तमान वर्ष में विधायक दुर्गेश्वर लाल के नाम पिनेक्ची तोक में भूमि विकास कार्य में रोजगार दिखाया गया है।

पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार विधायक रहते हुए तीन कार्यों में 5,214 रुपये का भुगतान दर्ज है, जबकि वर्ष 2021 से 2025 के बीच कुल 11 कार्यों में दोनों पति-पत्नी के खातों में 22,962 रुपये की राशि जमा होना बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद विपक्ष ने इसे नैतिकता और पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

 

बिचौलियों की दुकानें बंद हो गई, इसलिए वह मुझे ट्रोल कर रहे हैं. तब तक मनरेगा का मस्टरोल नहीं निकलता, जब तक जो काम करता है उसके साइन नहीं होते. यह मेरी छवि खराब करने की साजिश है. विधायक बनने से पूर्व जरूर मेरा जॉब कार्ड था.
-दुर्गेश लाल, विधायक पुरोला विधानसभा-
मामला संज्ञान में आया है. शनिवार को आराकोट में जन सेवा शिविर के बाद संबंधित सभी कार्मिकों को तलब कर जानकारी ली जायेगी. इसके बाद मामले में दोषी पाये जाने वाले व्यक्ति से मनरेगा के तहत जारी की धनराशि की पूरी रिकवरी की जायेगी.
-शशी भूषण, बिजोंला, वीडीओ मोरी-

Leave a Comment