देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की ओर से आयोजित 10वीं अंतर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खेल गतिविधियों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में अनुशासन भी स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि निरोगी रहना सबसे बड़ी पूंजी है और खेल इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अंतर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता भविष्य में भी निरंतर आयोजित होती रहेगी और इससे कर्मचारियों व अधिकारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। हाल ही में राज्य में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे खेल अवसंरचना को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है, ताकि युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
