Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

गोल्डन कार्ड से इलाज में विफल स्वास्थ्य मंत्री की बर्खास्तगी की मांग, जन संघर्ष मोर्चा का प्रदर्शन

विकासनगर: प्रदेश के कार्मिकों और पेंशनर्स को गोल्डन कार्ड योजना के तहत कैशलेस इलाज उपलब्ध न कराए जाने के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की बर्खास्तगी की मांग की। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपा।

नेगी ने कहा कि गोल्डन कार्ड योजना में भारी विसंगतियां और विभागीय लापरवाही के चलते अधिकांश सूचीबद्ध अस्पतालों में कर्मचारियों और पेंशनर्स को इलाज नहीं मिल पा रहा है। परिणामस्वरूप बीमार कार्मिक इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। कई पेंशनर्स को रिश्तेदारों से उधार या ब्याज पर कर्ज लेकर इलाज कराना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री के गैर-जिम्मेदाराना रवैये और अधिकारियों पर नियंत्रण की कमी के कारण अस्पतालों में लूट-खसोट, आपात स्थिति में इलाज न मिलना, रेफरल सिस्टम की बदहाली, गर्भवती महिलाओं की मौत, मशीनों की खराब स्थिति और स्टाफ की कमी जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान व गोल्डन कार्ड धारकों से अवैध वसूली के भी आरोप लगाए गए।

Leave a Comment