देहरादून: नववर्ष की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कुल 51 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।
इन स्वीकृत योजनाओं में आयुष, नगरीय विकास, प्रकाश व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत शिविरों के आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
आयुष सेवाओं को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी (औषधि निर्माणशाला), हरिद्वार में औद्योगिक शेड एवं भंडारण सुविधा के निर्माण हेतु 25.74 करोड़ रुपये तथा आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं निदेशालय भवन के विस्तारीकरण के लिए 7.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इससे राज्य में आयुष सेवाओं के विस्तार और औषधि उत्पादन को नई गति मिलेगी।
अतिथि गृह और नगरीय सुविधाओं का विस्तार
राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) चंपावत के विस्तारीकरण, जीर्णोद्धार एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए 11.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नगरीय क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद नगला क्षेत्र में एलईडी एवं स्ट्रीट लाइटों के कार्यों हेतु 99.17 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रदेश के 14 नगर निकायों में कूड़ा उठान के लिए वाहनों की खरीद हेतु 15.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को बल
जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने और मौके पर ही समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सभी जनपदों की न्याय पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में शिविरों के आयोजन के लिए 3.16 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री घोषणाओं पर भी लगी मुहर
मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन के अंतर्गत कई अहम परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई है। इनमें पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सुवालेख से चंडिका घाट तक ट्रेक रूट एवं मेला स्थल विकास के लिए 50 लाख रुपये, विण क्षेत्र में जमराड़ी से रंतोडा बडखेत तक ट्रेकिंग रूट निर्माण के लिए 67.45 लाख रुपये, अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मुख्य बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 50.68 लाख रुपये तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत सारकोट में प्रस्तावित निर्माण कार्यों एवं सोलर चैन लिंक्ड फेंसिंग के लिए 39 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है।
