Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में बड़ा हादसा, लोको ट्रेनों की टक्कर से 70 श्रमिक घायल

मुख्यमंत्री धामी ने ली घटना की जानकारी, घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश

गौचर / चमोली: पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की टीबीएम साइट पर शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। घटना के समय सुरंग के भीतर कुल 109 श्रमिक मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी चमोली से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सालयों में रेफर करने के निर्देश दिए।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चमोली  गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों को समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हादसे के बाद 70 श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया, जिनमें से 66 श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि 04 श्रमिकों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा पीपलकोटी स्थित विवेकानंद चिकित्सालय में 18 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं 21 श्रमिकों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वे घटनास्थल से ही अपने घर चले गए।

प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा परियोजना स्थल और चिकित्सालयों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Comment