चंपावत: गोरलचौड़ मैदान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक छात्र की जान चली गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र और कॉलेज परिसर को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चंपावत में वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी चल रही थी। शनिवार सुबह करीब 8 बजे छात्र मैदान में अलग-अलग खेलों का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) की प्रैक्टिस कर रहे थे, जबकि अन्य छात्र फुटबॉल खेल रहे थे।
अभ्यास के दौरान अचानक एक छात्र द्वारा फेंका गया भाला 20 वर्षीय छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा। भाला उनके कंधे के पास गर्दन में गहराई तक धंस गया। घायल छात्र को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सोमेंद्र सिंह बोहरा, रीठा साहिब क्षेत्र के मछियाड गांव के निवासी थे और पॉलिटेक्निक कॉलेज में द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वह वर्तमान में चंपावत में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में कार्यरत हैं और घटना की सूचना मिलते ही चंपावत के लिए रवाना हो गए हैं।
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एच.एस. ह्यांकी के अनुसार, गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और संभवतः ऑक्सीजन सप्लाई बाधित हो गई, जिससे छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद कॉलेज स्टाफ ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
छात्र की मृत्यु पर कॉलेज प्रिंसिपल का बयान: पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र की भाले की चपेट में आने से मौत होने पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल विनय शर्मा का कहना है कि,
पॉलिटेक्निक कॉलेज का वार्षिक खेल कूद आयोजन चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में आयोजित हो रहा था, जिसमें 100 मीटर दौड़ की तैयारी हो रही थी. कॉलेज का स्टाफ और कॉलेज के छात्र सभी मैदान में थे. खेल का सामान मैदान में ही रखा था. तभी एक छात्र ने भाला उठाकर उसे फेंका. इस दौरान कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे. उनकी बॉल देने अचानक सोमेंद्र दौड़ कर गया. इस दौरान वह भाले की चपेट में आ गया. सोमेंद्र को तुरंत कॉलेज स्टाफ द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना से पूरा कॉलेज बेहद दुखी है.
-विनय शर्मा, प्रिंसिपल, पॉलिटेक्निक कॉलेज चंपावत-
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस दुखद घटना के बाद कॉलेज और छात्रों में शोक का माहौल है।
