Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी

देहरादून: उत्तराखंड में बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए श्रद्धालुओं को ले जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मिक जुड़ाव का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।

उन्होंने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस वर्ष यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू हुआ दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर यात्रा को और अधिक तेज और सुविधाजनक बना रहा है।

साथ ही केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि सरकार यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, जबकि बदरीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक बनकर तैयार हो जाएगा।

Leave a Comment