चमोली: नगर पालिका क्षेत्र गौचर के भट्टनगर और साकेत नगर में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या को लेकर प्रशासन अब गंभीर नजर आ रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बरसात के समय जलभराव से होने वाली दिक्कतों को विस्तार से बताया। नागरिकों ने कहा कि समुचित ड्रेनेज व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष बारिश में गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित जल निकासी योजना को शासनादेश मिलते ही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे विभाग को भी आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
अधिशासी अभियंता, नगर पालिका गौचर ने जानकारी दी कि जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपये की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है, जिसे प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम सोहन सिंह रांगण समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
