Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी के पिरूल प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान, फायर टीम ने घंटों बाद पाया काबू

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के ग्राम चकोन स्थित महावीर गंगाडी के पिरूल प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 3:30 बजे अचानक प्लांट से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर सर्विस और प्रशासन को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम भी मौके पर डटी रही।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में प्लांट की एक मशीन, भारी मात्रा में रखा पिरूल पाउडर और अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे प्लांट संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास के क्षेत्रों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या प्लांट में मौजूद ज्वलनशील सामग्री को माना जा रहा है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम को तुरंत रवाना किया गया था और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment