उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के नगर पालिका क्षेत्र के कालेश्वर और जोशियाड़ा वार्डों में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि सिंचाई गूलों पर हुए अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे जलभराव की स्थिति बन रही है। इस पर जिलाधिकारी ने सिंचाई, राजस्व और नगर पालिका विभाग की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए, जो 10 दिनों के भीतर जल निकासी में बाधा डालने वाले सभी अवरोधों और अतिक्रमणों की पहचान करेगी तथा विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
इसके अलावा बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मनेरा बाईपास लदाड़ी क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर संकीर्ण मार्ग पर जाम की समस्या का व्यावहारिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिंचाई, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
