Udayprabhat
uttrakhand

फॉर्च्यूनर से 54.45 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, वाहन सीज

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर कार से 54.450 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल की गई लग्जरी गाड़ी को सीज कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत केदार उदयपुर रोड पर ग्राम उदयपुर डोभरी गधेरा के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन संख्या CH01-AR-9289 को रोका गया और तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे तीन कट्टों से 20.100 किलो, 16.150 किलो और 18.200 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से हिम्मत सिंह बोरा और भरत रावत को गिरफ्तार किया है, जो रामनगर (नैनीताल) के निवासी बताए जा रहे हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 13.61 लाख रुपये आंकी गई है।

थाना देघाट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जबकि एसएसपी ने टीम को ₹1000 का इनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Comment