हरिद्वार: हरिद्वार में ऋषिकुल मैदान स्थित चारधाम यात्रा के ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण कराने आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित, सुव्यवस्थित और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा है।
उन्होंने मौके पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और हेल्प डेस्क जैसी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और उनकी गुणवत्ता को परखा। अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने जानकारी दी कि अब तक ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से 37,28,571 श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं, जबकि ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन केंद्र पर अब तक 1,94,172 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।
इस दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
