उत्तरकाशी: आकांक्षी ब्लॉक मोरी के दूरस्थ फिताडी गांव में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 194 ग्रामीणों एवं विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के निर्देशों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी दी गईं और उन्हें जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया गया तथा सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी में चल रहे निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की भी जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर डॉ. विनीत, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वर्षा, एएनएम लक्ष्मी, आशा कार्यकत्री सरिता एवं ग्राम प्रतिनिधि उपस्थित रहे और स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि बुधवार को सभी उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर एएनएम एवं सीएचओ द्वारा एएनसी, पीएनसी, शिशु स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता अभियान सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
