उत्तरकाशी: जिला मुख्यालय के कंसेन क्षेत्र में बुधवार देर शाम दोस्तों के साथ घूमने गए एक युवक की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम उप तहसील जोशियाड़ा अंतर्गत कुटेटी से जसपुर-सिल्याण ग्रामीण सड़क पर तीन युवक घूमने गए थे। इसी दौरान विकास गुसाईं का मोबाइल अचानक हाथ से नीचे गिर गया। मोबाइल उठाने के लिए विकास सड़क से नीचे उतरा, लेकिन पीरुल में पैर फिसलने से वह करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
साथियों ने तत्काल विकास को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान विकास गुसाईं (34) पुत्र देवेन्द्र सिंह गुसाईं निवासी ग्राम कंसेन, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। बताया गया कि विकास ट्रैकिंग दलों के साथ कुकिंग का कार्य करता था।
घटना के समय उसके साथ मौजूद राहुल सिंह रावत (33) निवासी ग्राम बौंगा और त्रिलोक नाथ (28) निवासी ग्राम डांग, दोनों ट्रैकिंग गाइड का कार्य करते हैं। दोनों युवक सुरक्षित हैं। तीनों आपस में मित्र बताए गए हैं और साथ घूमने निकले थे।
