जिला प्रेस क्लब हरिद्वार की मासिक बैठक सम्पन्न, 30 मई को पत्रकारिता दिवस पर होगा भव्य आयोजन
हरिद्वार: जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक का आयोजन हरिद्वार में सम्पन्न हुआ। बैठक में पत्रकार हितों, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 30 मई को ‘पत्रकारिता दिवस’ के अवसर पर एक भव्य एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा तथा पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक मुद्दों और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान फील्ड में कार्यरत पत्रकारों के साथ लगातार सामने आ रहे उत्पीड़न, शोषण और अभद्र व्यवहार के मामलों पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता तभी संभव है जब पत्रकार भयमुक्त वातावरण में कार्य कर सकें।
राकेश वालिया ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द से जल्द ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ का गठन किया जाए, ताकि पत्रकारों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने संगठन की एकता को मजबूत करने और पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवनचंद्र खंडूड़ी के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने राज्य निर्माण और विकास में उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
