Udayprabhat
uttrakhand

द्वितीय केदार मदमहेश्वर मंदिर के खुले कपाट, श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर

रुद्रप्रयाग: द्वितीय केदार के नाम से विख्यात मदमहेश्वर मंदिर के कपाट आज गुरुवार पूर्वाह्न 11:30 बजे कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान मदमहेश्वर का आशीर्वाद सभी भक्तों पर बना रहे। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली 19 मई को ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से प्रस्थान कर 20 मई को गौंडार पहुंची और आज प्रातः मदमहेश्वर धाम पहुंची, जिसके बाद निर्धारित समय पर कपाट खोले गए।

कपाट खुलने की प्रक्रिया के दौरान पुजारी शिवशंकर लिंग द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, और भगवान शिव के स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे।

Leave a Comment