उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा 2026 ने एक माह का सफल संचालन पूरा कर लिया है। 19 अप्रैल से प्रारम्भ हुई इस यात्रा अवधि में गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में कुल 6,11,050 श्रद्धालुओं ने मां गंगा एवं मां यमुना के दर्शन किए। यात्रा के दौरान दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।
यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में दर्शनार्थियों की संख्या
पुलिस प्रशासन के अनुसार 19 अप्रैल से 20 मई 2026 तक यमुनोत्री धाम में 3,08,456 तथा गंगोत्री धाम में 3,02,594 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवधि में कुल 3,22,778 पुरुष, 2,73,447 महिलाएं एवं 14,825 बच्चे यात्रा में शामिल रहे।
59 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन
यात्रा अवधि में कुल 59,877 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया। प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।
एसपी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग को सुपरजोन, जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
प्रशासनिक व विभागीय समन्वय
पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, SDRF एवं आपदा प्रबंधन टीमों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की है।
यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा 11 श्रद्धालुओं को मेडिकल सहायता दी गई, 12 खोए मोबाइल व 11 बैग/पर्स लौटाए गए तथा 600 से अधिक दिव्यांग श्रद्धालुओं को यात्रा एवं दर्शन में सहायता प्रदान की गई।
यात्रा मार्ग पर 200 सीसीटीवी कैमरे एवं 3 ड्रोन सक्रिय हैं। साथ ही QRT, SDRF, फायर सर्विस एवं अन्य सुरक्षा बल लगातार तैनात हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु टूरिस्ट पुलिस केंद्र, बायोमैट्रिक सेंटर, खोया-पाया केंद्र एवं पीए सिस्टम लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से लगातार सूचना एवं सहायता प्रदान की जा रही है।
