उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद के पीएम श्री कमला राम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धौंतरी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान के अंतर्गत एक नवाचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शोध वैज्ञानिक दीप्ति जगूड़ी और गरिमा चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें नवाचार, वैज्ञानिक सोच तथा ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विचार भी बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर से ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में बेहतर नवाचार संभव हो सके।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने नवाचारी विचारों एवं मॉडलों को प्रस्तुत किया। छात्रों ने अपने तर्कों और सोच के माध्यम से यह दिखाया कि उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित हो रही है। वैज्ञानिकों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में वैज्ञानिक चेतना, अनुसंधान की भावना और नवाचार के प्रति रुचि को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
