टेलनगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, महिला ने पति पर मारपीट और दहेज मांगने के लगाए गंभीर आरोप
देहरादून: देहरादून में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने महिला के साथ मारपीट की और बाद में उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह 26 जनवरी 2026 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि जब वह मायके से पैसे नहीं ला सकी तो पति उसे लगातार तीन तलाक देने की धमकी देने लगा। महिला ने बताया कि वह अपने वैवाहिक और सामाजिक जीवन को बचाने के लिए लंबे समय तक अत्याचार सहती रही, लेकिन 18 मई 2026 को पति ने गुस्से में आकर उसे तीन तलाक दे दिया और संबंध समाप्त करने की बात कही।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पति और उसके साथियों से उसे मानसिक और शारीरिक खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2019 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
